आगरा से नोएडा की ओर रात में सफर की योजना बना रहे यात्रियों को अब अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। आगरा आईएसबीटी (ISBT) से नोएडा के लिए रात 8 बजे के बाद परिवहन निगम की ओर से कोई बस संचालित नहीं की जाती है। यह जानकारी आईएसबीटी प्रभारी महावीर सिंह ने दी है।
रात के बाद यात्रियों को हो रही दिक्कत
दिनभर आगरा से नोएडा और आनंद विहार के लिए लगभग 45 बसें चलाई जाती हैं, जिनमें अन्य डिपो की बसें भी शामिल होती हैं। लेकिन रात 8 बजे के बाद यह सेवा पूरी तरह बंद हो जाती है। अंतिम बस नोएडा डिपो की होती है, जिसे कई बार रद्द भी कर दिया जाता है। इस कारण यात्रियों को मजबूरी में हरियाणा या अन्य डिपो की बस पकड़कर दिल्ली के काले खां बस अड्डे जाना पड़ता है।
ये भी पढ़ें: यूपी में रोडवेज यात्रियों को लाइव लोकेशन और कर्मियों को मिलेगा एक करोड़ का बीमा
आईएसबीटी प्रशासन का पक्ष
आईएसबीटी प्रभारी महावीर सिंह के अनुसार, रात के समय नोएडा रूट पर यात्रियों की संख्या बेहद कम होती है, इसलिए इस रूट पर रात में बसें नहीं चलाई जातीं। उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया है कि यदि वे रात में आगरा से नोएडा की यात्रा की योजना बना रहे हैं तो पहले आईएसबीटी के पूछताछ केंद्र से जानकारी जरूर प्राप्त करें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।