Lucknow: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अगले छह महीनों तक अनिवार्य सेवा अनुरक्षण कानून (एस्मा) के तहत हड़ताल पर लगाए गए प्रतिबंध को प्रदेश में बढ़ते असंतोष और खराब हालात का प्रमाण बताया है।
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि भाजपा को जोड़-तोड़ और हेरफेर से सरकार बनाना तो आता है, लेकिन भ्रष्ट आचरण और नीतियों के कारण वह सरकार चलाने में असफल हो रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाकर सरकार ने यह संकेत दिया है कि राज्य में उनके खिलाफ विरोध और असंतोष बढ़ रहा है, जो किसी भी समय विस्फोटक रूप ले सकता है।
सपा (Samajwadi Party) अध्यक्ष ने कहा कि न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में सरकारी और अर्द्धसरकारी संस्थानों में कार्यरत लोग भाजपा सरकार की भ्रष्ट नीतियों और भ्रष्टाचार का हिस्सा बनने के लिए मजबूर हो रहे हैं। यह असंतोष धीरे-धीरे हड़ताल का रूप ले सकता है, और सरकार इस संभावित आंदोलन से डरी हुई है।
उन्होंने इसे भाजपा सरकार की विफलता का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसा फैसला सरकार की घबराहट और असुरक्षा को दर्शाता है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि जनता और सरकारी कर्मचारियों का बढ़ता असंतोष आने वाले समय में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।