मास्टर और मैडम पर गंभीर आरोप, छात्रा ने राज देखा तो जिंदा जलाने की साजिश; स्कूल कांड में नया मोड़


Patna: चितकोहरा कन्या मध्य विद्यालय में 5वीं कक्षा की छात्रा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। छात्रा के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि बच्ची ने स्कूल के एक शिक्षक और शिक्षिका को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इस बात को उजागर न करने के लिए छात्रा को धमकाया जा रहा था।

बुधवार सुबह असेंबली के दौरान 12 वर्षीय छात्रा स्कूल के बाथरूम में जिंदा जल गई थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की बड़ी बहन के अनुसार, छात्रा घर से सुबह 9 बजे स्कूल गई थी, जबकि घटना करीब 10 बजकर 10 मिनट पर हुई। परिवार का कहना है कि स्कूल के बगल में ही उनका घर होने के बावजूद उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी गई। पुलिस ने दोपहर 12 बजे इसकी सूचना दी।

छात्रा की सहेली ने बताया कि बच्ची बुधवार को प्रिंसिपल को पूरी घटना बताने वाली थी। वहीं, मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या स्कूल के शिक्षकों ने की है। उन्होंने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने सहानुभूति दिखाने की बजाय उनके साथ बर्बरता की। विरोध करने वालों पर लाठीचार्ज किया गया और कई लोगों को हिरासत में लिया गया।

पटना सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि छात्रा के पिता के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, लेकिन सभी कैमरे खराब पाए गए। घटना की जांच के लिए सचिवालय डीएसपी-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है, जिसमें गर्दनीबाग थानेदार भी शामिल हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि घटना के समय शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद था। बाद में किसी तरह कुंडी खोलकर छात्रा को बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस ने स्कूल के शिक्षकों और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। वहीं, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की टीम भी जांच के लिए स्कूल पहुंची थी, लेकिन स्कूल बंद होने के कारण उन्हें लौटना पड़ा।

Post a Comment

Previous Post Next Post