लखनऊ, NS NOW डेस्क: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल सामने आया है। पंचायती राज विभाग ने नई अधिसूचना जारी करते हुए प्रदेश की 504 ग्राम पंचायतों को घटा दिया है। इसके बाद अब पूरे राज्य में कुल 57695 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे।
यह निर्णय पंचायतों के सीमांकन, जनसंख्या और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर लिया गया है। विभाग की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि अब ग्राम पंचायतों की संख्या में कोई और बदलाव नहीं किया जाएगा। इसका मतलब है कि आगामी पंचायत चुनाव इन्हीं 57695 ग्राम पंचायतों में होंगे।
अप्रैल 2026 में प्रस्तावित हैं चुनाव
सरकार ने अगले साल अप्रैल 2026 में पंचायत चुनाव कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत राज्य में 826 ब्लॉक प्रमुख और 75 जिला पंचायत अध्यक्ष भी चुने जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग और पंचायती राज विभाग दोनों मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
क्यों घटाई गईं ग्राम पंचायतें?
पंचायतों की संख्या में कमी का मुख्य कारण सीमांकन प्रक्रिया और कुछ ग्राम पंचायतों का आपस में विलय है। कई छोटे ग्राम पंचायतों को प्रशासनिक सुविधा के लिहाज से बड़ी पंचायतों में शामिल किया गया है।
क्या होगा अगला कदम?
अब विभाग की अधिसूचना के बाद चुनाव आयोग जल्द ही सीटों का आरक्षण, मतदाता सूची का पुनरीक्षण और अन्य चुनावी तैयारियों पर काम शुरू करेगा।
यह फेरबदल ग्रामीण राजनीति और प्रशासनिक ढांचे के लिए अहम माना जा रहा है। सभी राजनीतिक दलों की नजरें अब ग्राम पंचायतों से लेकर जिला पंचायत तक की सीटों पर टिकी होंगी।