इस राज्य में शिक्षकों को 2027 तक TET पास करना अनिवार्य, नहीं तो सेवा समाप्ति


पंचकूला: निदेशक सामान्य प्रारंभिक शिक्षा हरियाणा, पंचकूला की ओर से एक अहम आदेश जारी किया गया है। विज्ञापन संख्या 2/2012 के तहत चार वर्ष के शिक्षण अनुभव के आधार पर चयनित पीआरटी (PRT) शिक्षकों के लिए हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) पास करने की नई समय सीमा तय कर दी गई है।

जारी मेमो संख्या 20/3-2022 PRT(ART) दिनांक 16.02.2026 के अनुसार, संबंधित अभ्यर्थियों को अब मार्च 2027 तक HTET परीक्षा अनिवार्य रूप से उत्तीर्ण करनी होगी। यदि निर्धारित समय सीमा तक परीक्षा पास नहीं की गई तो उनकी सेवाएं बिना किसी अतिरिक्त सूचना के समाप्त की जा सकती हैं।

गौरतलब है कि विज्ञापन संख्या 2/2012 में स्पष्ट शर्त थी कि अनुभव के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को 01 अप्रैल 2015 तक HTET पास करना होगा। इसके बाद 27 अप्रैल 2017 को जारी पत्र के माध्यम से जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि नियुक्ति पत्र में यह शर्त जोड़ी जाए कि संबंधित अभ्यर्थी भविष्य में HTET उत्तीर्ण करेंगे, जिसके लिए अलग से अधिसूचना जारी की जाएगी।

अब सरकार ने अंतिम समय सीमा निर्धारित करते हुए सभी जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही विभागीय वेबसाइट पर आदेश अपलोड करने के लिए संबंधित अधिकारियों को भी सूचित किया गया है।

इस निर्णय से राज्य के उन शिक्षकों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा, जिन्होंने अभी तक HTET परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post