Shikshamitra News: शिक्षामित्र संगठन ने की अहम मुलाकात, उमेश पांडेय ने दी ये जानकारी!


लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शिक्षा मित्रों द्वारा आभार व्यक्त करने का कार्यक्रम लगातार जारी है। इसी क्रम में आदर्श समायोजक शिक्षक शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से एक अहम मुलाकात की गई। संगठन के पदाधिकारी एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह से मिले और मानदेय बढ़ोतरी सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

संगठन के प्रदेश महामंत्री उमेश कुमार पांडेय ने बताया कि यह मुलाकात मुख्य रूप से आभार व्यक्त करने के लिए की गई थी। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षा मित्रों का मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रति माह किए जाने की घोषणा की गई है, जिसके लिए संगठन की ओर से धन्यवाद प्रकट किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने शिक्षा मित्रों के मांग पत्र को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया था और 62 वर्ष की सेवा नियमावली तथा 12 माह के मानदेय संबंधी मुद्दों को भी उठाया था।

उमेश पांडेय ने कहा कि सरकार की ओर से जो भी कदम उठाए जा रहे हैं, वे शिक्षा मित्रों के हित में हैं और भविष्य में अन्य लंबित मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है। उन्होंने 62 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु और 12 महीने के नियमित मानदेय को लेकर भी वार्ता जारी रहने की बात कही।

ये भी पढ़ें: शिक्षामित्रों को मिल सकती है एक और बड़ी सौगात, सुशील यादव ने बताया अगला कदम?

मानदेय को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग पूर्व मानदेय और समायोजन रद्द होने के समय की तुलना कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में बढ़ोतरी को सकारात्मक कदम के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा मित्रों से अपील की कि वे एकजुट रहें और संगठन के माध्यम से अपनी बात रखें।

ये भी पढ़ें: शिक्षामित्र और अनुदेशकों के मानदेय वृद्धि पर रवि किशन ने क्या कहा? पढ़ें

इस बीच एक दुखद खबर भी सामने आई है। लखनऊ के बक्शी का तालाब क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय धोली में तैनात शिक्षा मित्र दिलीप सिंह के लापता होने की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि वे एसआईआर ड्यूटी से जुड़े कार्य को लेकर तनाव में थे। परिजनों के अनुसार वे घर से यह कहकर निकले थे कि थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है।

संगठन ने प्रशासन से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने और लापता शिक्षा मित्र को सुरक्षित खोज निकालने की मांग की है। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर उच्च स्तर पर भी संपर्क किया जा रहा है और सरकार से हस्तक्षेप की अपील की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post