कानपुर: केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) में शनिवार को फर्जीवाड़े का मामला सामने आया। बर्रा थाना क्षेत्र स्थित पूर्णचंद्र विद्या निकेतन केंद्र पर बायोमीट्रिक जांच के दौरान भाभी की जगह परीक्षा देने आई ननद को पकड़ लिया गया। आरोपी के खिलाफ बर्रा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र और बायोमीट्रिक मिलान के दौरान एक परीक्षार्थी की पहचान मेल नहीं खाई। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह अपनी भाभी शिवानी देवी की जगह परीक्षा देने आई थी। आरोपी की पहचान कन्नौज के घनापुरवा लाख निवासी संध्या के रूप में हुई है। संध्या का स्वयं का परीक्षा केंद्र चकेरी स्थित एक स्कूल में सुबह की पाली में था, जबकि वह दूसरी पाली में बर्रा पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि मामले में भाभी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
कानपुर। सीटीईटी की दूसरी पाली के दौरान एक अभ्यर्थी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कन्नौज के तिर्वा निवासी हरनाथ सिंह, जो सरकारी शिक्षक हैं, चकेरी श्यामनगर स्थित डॉ. वीरेंद्र स्वरूप स्कूल में परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा शुरू होने के करीब एक घंटे बाद उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वे बेहोश हो गए।
ये भी पढ़ें: CTET Expected Cut-off 2026: कितने नंबर पर होंगे पास? यहाँ देखें सभी कैटेगरी का सटीक कट-ऑफ
स्कूल स्टाफ ने उन्हें तत्काल अलग कमरे में लिटाया। परीक्षा समाप्त होने के बाद हालत बिगड़ने पर साथी अभ्यर्थियों सत्येंद्र सिंह और कवेंद्र सिंह उन्हें कार से अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज किया गया। तबीयत खराब होने के कारण वे परीक्षा पूरी नहीं कर सके। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र कठिन होने के कारण घबराहट और पसीना आने जैसी समस्या हुई। प्रधानाचार्या विजय श्री पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी का बीपी हाई था, जिस पर उन्हें बाहर भेजकर इलाज के लिए रवाना किया गया।
