लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शिक्षामित्र लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में हाल ही में आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विधान परिषद सदस्य (MLC) श्रीचंद शर्मा से मुलाकात की। इस मुलाकात को शिक्षामित्रों के भविष्य की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
मुलाकात के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षामित्रों से जुड़ी मौजूदा स्थिति, आगे की रणनीति और सरकार से अपेक्षाओं को लेकर विस्तृत बातचीत की। खास तौर पर कैशलेस इलाज और स्थानांतरण से संबंधित शासनादेश जारी किए जाने पर MLC श्रीचंद शर्मा का आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के शिक्षामित्रों की प्रमुख समस्याओं, विशेषकर मानदेय वृद्धि के मुद्दे को मजबूती से उठाया गया।
आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि शिक्षामित्र लंबे समय से सरकार से यह मांग कर रहे हैं कि उनके मानदेय में बढ़ोतरी की जाए, ताकि वे अपने परिवार का सम्मानजनक ढंग से भरण-पोषण कर सकें। लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक ठोस निर्णय न होने से शिक्षामित्रों में बेचैनी बढ़ती जा रही है।
ये भी पढ़ें: शिक्षामित्रों के मानदेय वृद्धि और कैशलेस योजना पर क्या बोले अजय सिंह?
पिछले कुछ समय से शिक्षामित्र संगठनों की गतिविधियों में तेजी देखने को मिली है। पहले उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संगठन की ओर से बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया, इसके बाद लगातार विधायक, मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों से मुलाकातों का सिलसिला जारी है। शिक्षामित्रों का कहना है कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि उनके परिवार और बच्चे भी मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर आवाज उठाने लगे हैं।
इस बीच MLC श्रीचंद शर्मा और शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की ओर से यह कहा जा रहा है कि शिक्षामित्रों की समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भी कई मंचों से यह बयान दिया जा चुका है कि सरकार शिक्षामित्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इन बयानों के बाद शिक्षामित्रों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
ये भी पढ़ें: शिक्षामित्रों के लिए बड़ी खबर: मानदेय और स्थानांतरण पर MLC चंद्र शर्मा का बड़ा बयान
हालांकि, शिक्षामित्रों के एक वर्ग के मन में अभी भी आशंका बनी हुई है। उनका कहना है कि इससे पहले भी कई बार बड़े-बड़े आश्वासन दिए गए, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी रहीं। वर्ष 2017 से पहले के वादों को याद करते हुए कुछ शिक्षामित्र यह सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या इस बार वास्तव में कोई ठोस फैसला लिया जाएगा या फिर मामला फिर से ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
फिलहाल, आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन की MLC श्रीचंद शर्मा से हुई इस अहम मुलाकात के बाद शिक्षामित्रों के बीच उम्मीदों का माहौल जरूर बना है। अब सभी की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं कि वह शिक्षामित्रों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस निर्णय लेती है।
