लखनऊ: बीते कई वर्षों से शिक्षामित्रों का जीवन संघर्ष, असुरक्षा और अनिश्चितता से भरा रहा है। लंबे समय तक चली इस लड़ाई में शिक्षामित्रों ने धैर्य नहीं खोया और न ही हार मानी। एकजुट होकर अपनी आवाज को लगातार बुलंद करते रहे। अब समय बदलता हुआ नजर आ रहा है। वर्ष 2025 के अंतिम दिनों में शिक्षामित्रों के लिए राहत और उम्मीद की किरण दिखाई दी है।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों की अथक मेहनत, शिक्षामित्रों के निरंतर प्रयास और मजबूत एकता का असर अब दिखाई देने लगा है। सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं, जो शिक्षामित्रों के उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा कर रहे हैं। ऐसे में वर्ष 2026 शिक्षामित्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण और खास माना जा रहा है।
नए साल की शुरुआत पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला ने सभी शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 2026 सभी शिक्षामित्र भाइयों और बहनों के जीवन में खुशहाली लेकर आए, उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित और जीवन खुशहाल हो।
ये भी पढ़ें: उल्लास अभियान: शिक्षामित्र करेंगे 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षरों का सर्वे
शिव कुमार शुक्ला ने बताया कि स्थानांतरण प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और नए वर्ष के पहले सप्ताह में इस संबंध में आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी। उन्होंने कहा कि माननीय मंत्री से इस विषय पर बातचीत हो चुकी है और शिक्षामित्रों को शीघ्र ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलने की संभावना है।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षामित्रों के लिए सबसे महत्वपूर्ण विषय मानदेय वृद्धि है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। इस दिशा में भी 2026 में सकारात्मक निर्णय की पूरी उम्मीद है। यदि यह प्रक्रिया पूरी होती है तो शिक्षामित्र एक नई और सुरक्षित जिंदगी की शुरुआत कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें: BLO की मौत के 72 घंटे के अंदर पत्नी को मिली सरकारी नौकरी, विभाग ने इस श्रेणी में दी तैनाती
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि इस बार सरकार का रवैया पहले की तुलना में कहीं अधिक सकारात्मक रहा है। पूर्व में हर सत्र में केवल पुराने फैसलों का उल्लेख किया जाता था, लेकिन इस बार शिक्षामित्रों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है। इससे यह संकेत मिलते हैं कि आने वाला समय शिक्षामित्रों के लिए बेहतर हो सकता है।
अंत में शिव कुमार शुक्ला ने सभी शिक्षामित्रों से एकजुट रहने और सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 शिक्षामित्रों के संघर्ष को सफलता में बदलने वाला साबित होगा और उनका जीवन सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व की ओर बढ़ेगा।
