नानौता: शिक्षामित्रों के स्थानांतरण एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा जैसी वर्षों पुरानी मांगों को लागू कराने के लिए आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा का नानौता पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया।
नगर के देवबंद मार्ग स्थित जनता मॉन्टेसरी जूनियर हाईस्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एमएलसी श्रीचंद शर्मा को शाल ओढ़ाकर एवं मां सरस्वती की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश ठाकुर ने कहा कि शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा लगातार शिक्षामित्रों की आवाज को सदन तक मजबूती से पहुंचा रहे हैं और उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षामित्रों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।
इस अवसर पर शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष शामली सुनील तोमर, सहारनपुर मंडल प्रभारी चौधरी सतीश, जिला महामंत्री शामली अनुज शर्मा, दीपक पुंडीर, इंचार्ज प्रधान अध्यापक मिठ्ठन सिंह, एडवोकेट दिनेश पुंडीर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं शिक्षामित्र मौजूद रहे।