लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शिक्षामित्र लंबे समय से अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। बार-बार शासन–प्रशासन से मुलाकात और ज्ञापन के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका है। इसी बीच उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संगठन की ओर से 6 जनवरी को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में शिक्षामित्रों के पहुंचने की उम्मीद है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयास अब धीरे-धीरे असर दिखाते नजर आ रहे हैं और शिक्षामित्रों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
वर्तमान में शिक्षामित्रों की सबसे बड़ी समस्या शीतकालीन अवकाश के दौरान मानदेय न मिलने की है। लगभग 15 दिनों के इस अवकाश में शिक्षामित्रों को कोई मानदेय नहीं दिया जाता, ऐसे में वे अपने जीविकोपार्जन के लिए अन्य कार्य करते हैं। इसके बावजूद इस अवधि में उनसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में ड्यूटी ली जा रही है, जिससे शिक्षामित्रों में भारी नाराजगी है।
ये भी पढ़ें: इन शिक्षकों के लिए बड़ा आदेश, TET पास करना होगा अनिवार्य
संगठन के पदाधिकारी वीरेंद्र शंकर सिंह ने बताया कि शिक्षामित्रों से विभिन्न गैर-शैक्षणिक कार्य कराए जा रहे हैं, जो उनके पद और गरिमा के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अवकाश के दौरान बिना मानदेय के ड्यूटी लगाना पूरी तरह अनुचित है और इससे शिक्षामित्रों की आर्थिक और मानसिक समस्याएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने आगे बताया कि 7 दिसंबर को लखनऊ में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी, जिसमें आगे की रणनीति तय की गई। उसी के तहत 6 जनवरी को यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री के समक्ष शिक्षामित्रों की सभी समस्याएं रखी जाएंगी और यह सवाल किया जाएगा कि आखिर समस्याओं के समाधान में और कितना इंतजार करना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में SIR की समय-सीमा बढ़ी, जाने कब होगा ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी
6 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम में प्रत्येक जनपद से संगठन के पदाधिकारी और शिक्षामित्र शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार हर जिले से लगभग 50 शिक्षामित्रों को बुलाया गया है। संगठन का कहना है कि यह कार्यक्रम शिक्षामित्रों के भविष्य के लिए निर्णायक साबित हो सकता है, क्योंकि इसमें उनकी सभी प्रमुख मांगें सीधे शिक्षा मंत्री के सामने रखी जाएंगी।
अब सभी की निगाहें 6 जनवरी पर टिकी हैं, जब यह साफ हो सकेगा कि सरकार शिक्षामित्रों की समस्याओं को लेकर क्या रुख अपनाती है।
