शिक्षामित्रों को लेकर अपर मुख्य सचिव से मुलाकात, संजय मिश्रा ने बताई अहम बात


लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शिक्षामित्रों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति दिखाई दे रही है। 3 जनवरी 2025 को जारी शासनादेश की प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है और परिवर्तन धरातल पर लागू हो चुका है।

इसी क्रम में 1 दिसंबर को शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मिश्रा ने अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पारसेन शर्मा से मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान उन्होंने शिक्षामित्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा था। इस ज्ञापन में पांच प्रमुख मांगें शामिल थीं, जिन पर सरकार ने गंभीरता से विचार किया। इसी का परिणाम है कि 9 दिसंबर को शिक्षामित्रों के स्थानांतरण संबंधी आदेश जारी कर दिया गया।

संजय मिश्रा ने बताया कि स्थानांतरण शिक्षामित्रों की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक थी। कई शिक्षामित्र लंबे समय से अपने मूल विद्यालय से दूर कार्य कर रहे थे, जिससे उन्हें आर्थिक और पारिवारिक असुविधाएं झेलनी पड़ रही थीं। महिला शिक्षामित्रों की स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण थी, क्योंकि वे मायके में नौकरी कर रही थीं और अपने परिवार के साथ रहने से वंचित थीं।

ये भी पढ़ें: CTET Feb 2026: पेपर-1 के लिए BEd मान्य नहीं, NCTE ने किया बड़ा खुलासा

संजय मिश्रा ने सरकार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अपर मुख्य सचिव तथा शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों का आभार जताया और कहा कि स्थानांतरण से शिक्षामित्र अब अधिक मनोयोग से शिक्षण कार्य कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें: शिक्षामित्रों का होगा स्थानांतरण! मानदेय को लेकर क्या करेंगे शिव कुमार शुक्ला?

उन्होंने अपनी अन्य मांगों का भी जिक्र किया, जिनमें शामिल हैं:
– आकस्मिक अवकाश की संख्या 11 से बढ़ाकर 14 की जाए, जैसा शिक्षकों को मिलता है
– चिकित्सा अवकाश प्रदान किया जाए, जिससे बीमार शिक्षामित्रों को इलाज के लिए समय मिल सके
– महिला शिक्षामित्रों को बाल्य देखभाल अवकाश दिया जाए
– सीख कालीन अवकाश पर मानदेय कटौती खत्म की जाए

इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि मानदेय वृद्धि शिक्षामित्रों की सबसे बड़ी आवश्यकता है। लगातार बढ़ती महंगाई में ₹10,000 मानदेय में परिवार चलाना बेहद कठिन है। मुख्यमंत्री द्वारा 5 सितंबर को की गई मानदेय वृद्धि की घोषणा को जल्द लागू किए जाने की मांग एक बार फिर प्रमुखता से उठाई गई है।

संजय मिश्रा ने बताया कि शासन स्तर पर अधिकारी भी संकेत दे चुके हैं कि मानदेय वृद्धि पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री जल्द ही लेंगे। इसलिए पूरे प्रदेश के शिक्षामित्र मुख्यमंत्री से विनम्र अनुरोध कर रहे हैं कि इस पर शीघ्र आदेश जारी किए जाएं, ताकि हजारों परिवार राहत महसूस कर सकें।

संजय मिश्रा ने अंत में कहा कि संघर्ष लंबा रहा है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही शिक्षामित्रों को मानदेय वृद्धि का भी लाभ मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post